जुलाई 25, 2026 2:20 अपराह्न

printer

गुजरात में बारिश के बाद बचाव और राहत कार्य ज़ोरों पर; भारतीय तटरक्षक बल ने फंसे हुए 170 लोगों को बचाया

गुजरात में मानसून की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, गुजरात में इस मानसून में अब तक औसत वर्षा से 52 प्रतिशत से अधिक हुई है।

पिछले 24 घंटों में, पाटन जिले के संतालपुर तालुका में सबसे अधिक 15 इंच वर्षा दर्ज की गई। हमारी संवाददाता ने बताया है कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी हैं।

गुजरात में तेज बारिश के बाद बचाव और राहत कार्य युद्धस्तर पर चलाए जा रहे हैं। पिछले चौबीस घंटों में राज्य के 265 क्षेत्रों में बारिश हुई है।

भारतीय तटरक्षक बल ने 22 जुलाई की मध्यरात्रि से चलाए गए 11 बचाव अभियानों के माध्यम से दमन, दादरा और नगर हवेली तथा दक्षिण गुजरात के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे 170 लोगों को बचाया है। ये अभियान लगातार बारिश, भीषण बाढ़ और बेहद चुनौतीपूर्ण मौसम की स्थिति के बीच चलाए गए।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 22 और 23 जुलाई की रात को खानवेल, सिलवासा से फंसे पांच लोगों, कदैय्या तटीय क्षेत्र में बाढ़ग्रस्त नदी में फंसे तीन मछुआरों को सुरक्षित निकाला गया।

23 और 24 जुलाई की रात को बाढ़ के कारण सड़क संपर्क पूरी तरह से बाधित वेल्सपन औद्योगिक क्षेत्र में 60 लोग फंस गए थे। इस क्षेत्र से सभी लोगों को सुरक्षित निकाला गया। यह अब तक के सबसे बड़े बचाव अभियानों में से एक है। राज्य राहत आयुक्त ने पांच मौतों की पुष्टि की है।