मई 28, 2026 6:06 अपराह्न

printer

केंद्र और दिल्ली सरकार ने कई बड़ी सड़क और संपर्क परियोजनाओं की घोषणा की

दिल्ली को जाम मुक्त और आधुनिक परिवहन नेटवर्क से युक्त बनाने के लिए केंद्र और दिल्ली सरकार ने कई बड़ी सड़क और संपर्क परियोजनाओं की घोषणा की है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इन परियोजनाओं में एक्सप्रेसवे, सुरंग और एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इनके जरिए दिल्ली-एनसीआर में यातायात को तेज, सुरक्षित और सुगम बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी विस्तार सड़क-2 के माध्यम से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को जोड़ा जाएगा, जिससे पश्चिमी दिल्ली और गुरुग्राम से उत्तराखंड तक सीधा संपर्क मिलेगा। इसके अलावा, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को नोएडा और फरीदाबाद से जोड़ने के लिए 65 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर बनाया जाएगा।

श्रीमती गुप्ता ने बताया कि दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के ट्रैफिक को शहरी विस्तार सड़क-2 और द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा, जिससे भारी वाहनों का बेहतर डायवर्जन होगा और जाम में कमी आएगी। वहीं, एम्स से गुरुग्राम तक 20 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिससे धौला कुआं और महिपालपुर क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव कम होगा। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य दिल्ली को विश्वस्तरीय, हरित और जाम मुक्त बनाना है।