केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने ग्राम पंचायतों और शहरी स्थानीय निकायों के स्तर पर राष्ट्रव्यापी वित्तीय समावेशन अभियान शुरू किया। यह अभियान 31 दिसंबर तक चलेगा और इसके अंतर्गत 2 लाख 70 हजार ग्राम पंचायतों तथा शहरी स्थानीय निकायों को शामिल किया जाएगा। वित्तीय सेवा विभाग के अनुसार, बैंक प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना में नामांकन के लिए शिविर लगा रहे हैं।
यह अभियान रबी मौसम से पहले किसान क्रेडिट कार्ड के आवेदनों और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में नामांकन को भी बढ़ावा देगा। मंत्रालय के अनुसार राज्य प्रशासन, बैंकों और वित्तीय सेवा विभाग के अधिकारी अभियान की प्रगति पर कड़ी नजर रखेंगे। इस पहल का उद्देश्य वित्तीय सेवाओं की पहुंच बढ़ाना और पात्र लोगों को प्रमुख सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। यह पहल दूर-दराज के लोगों को वित्तीय सेवाओं से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाने और समावेशी समाज के निर्माण के सरकार के प्रयासों को आगे बढ़ाएगी।