केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया कल से शुरू हो रहे अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान शिलांग में एकीकृत बहुउद्देशीय इनडोर खेल परिसर का उद्घाटन करेंगे। वह इस वर्ष के राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के लिए मेघालय की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। श्री मांडविया इस दौरान युवा मामलों, खेल अवसंरचना विकास और केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा से संबंधित कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे युवा मामलों के विभाग के एक विचार-विमर्श सत्र में भी शामिल होंगे।
30 मई को, श्री मांडविया मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा के साथ राज्य की राजधानी में 132 करोड़ 9 लाख रुपये की लागत से निर्मित एकीकृत बहुउद्देशीय इनडोर खेल परिसर का उद्घाटन करेंगे। इस परिसर को 39वें राष्ट्रीय खेलों के लिए एक प्रमुख स्थल के रूप में भी देखा जा रहा है।
इस दौरे में, भारतीय ओलंपिक संघ के प्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में मेघालय के साथ 39वें राष्ट्रीय खेलों 2026 के लिए अनुबंध पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे।