गुजरात के अहमदाबाद में रामोल-गतराड रोड पर स्थित एक पटाखा फैक्टरी में भीषण आग लगने से आज पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के अहमदाबाद स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। उन्होंने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को पचास हजार रुपये दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं और उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने भी हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।