नवम्बर 12, 2026 10:07 अपराह्न

printer

अबू धाबी में रूस-यूक्रेन शांति वार्ता के बाद अमरीकी दूतों ने मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की

अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और उनके दामाद जेरेड कुशनर ने आज मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। यह मुलाकात यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से अबू धाबी में हुई ताजा बातचीत के एक दिन बाद हुई।

अबू धाबी में अमरीका की मध्यस्थता में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच दो दिन तक बातचीत हुई। इस बातचीत में बड़ी संख्या में युद्धबंदियों की अदला-बदली पर सहमति बनी है। हालांकि, बंदियों की सही संख्या अभी तय नहीं हुई है।

करीब पांच साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के मुद्दे पर बातचीत में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई। यह युद्ध 24 फरवरी 2022 को बड़े स्तर पर शुरू हुआ था, जबकि पूर्वी यूक्रेन में संघर्ष 2014 से जारी है।

विटकॉफ और कुशनर ने क्रेमलिन में करीब दो घंटे तक राष्ट्रपति पुतिन के साथ बैठक की और उन्हें अबू धाबी में हुई बातचीत की जानकारी दी। दोनों के आयरलैंड की राजधानी डबलिन जाने का कार्यक्रम है, जहां वे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से बातचीत करेंगे।

इस बीच, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि उनकी सेना को सैन्य उपयोग वाली स्टारलिंक सेवा पर एक बार फिर प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है।