गृह सचिव गोविंद मोहन ने जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। बैठक में आतंकवाद विरोधी उपायों, सीमा पार से घुसपैठ, सर्दियों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्र में विदेशी आतंकवादियों की मौजूदगी पर विशेष ध्यान दिया गया।
बैठक में कल गृह मंत्रालय, खुफिया ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारी, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के प्रमुख, सेना के वरिष्ठ कमांडर, जम्मू-कश्मीर पुलिस के अधिकारी तथा विभिन्न खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
इस दौरान स्थानीय युवाओं को आतंकवादी संगठनों में शामिल होने से रोकने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। आतंकवादी संगठनों में भर्ती रोकने और आतंकवाद के खिलाफ प्रयासों को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा हुई। यह उच्चस्तरीय बैठक जम्मू-कश्मीर में हाल की सुरक्षा घटनाओं के बीच हुई है। इनमें किश्तवाड़ जिले के दच्छन क्षेत्र में दो विशेष पुलिस अधिकारियों की हत्या और कुलगाम में हुई मुठभेड़ शामिल है, जिसमें लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी मोहम्मद लतीफ भट मारा गया था।