जुलाई 19, 2026 5:37 अपराह्न

printer

ज़ांज़ीबार के राष्ट्रपति डॉ. हुसैन अली म्विनी ने नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन से मुलाकात की

ज़ांज़ीबार के राष्ट्रपति और रिवोल्यूशनरी काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. हुसैन अली म्विनी ने आज नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन से मुलाकात की। ज़ांज़ीबार, तंजानिया का अर्द्ध-स्वायत्त क्षेत्र है। इसका अपना संविधान, राष्ट्रपति, प्रतिनिधि सभा और ध्वज है। दोनों नेताओं ने भारत-तंजानिया संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की और भविष्य में सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा की। 
 
उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह मुलाकात भारत-तंजानिया की अटूट साझेदारी और ज़ांज़ीबार के साथ भारत के विशेष संबंधों को दर्शाती है। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, पर्यटन, नीली अर्थव्यवस्था और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए विस्तृत चर्चा की। श्री राधाकृष्णन ने बेहतर सहयोग के माध्यम से साझा विकास को आगे बढ़ाने में तंजानिया और ज़ांज़ीबार के साथ साझेदारी करने की भारत की प्रतिबद्धता को भी दोहराया। राष्ट्रपति म्विनयी ने चेन्नई स्थित आईआईटी मद्रास परिसर का दौरा कर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर उन्होंने आईआईटी मद्रास ज़ांज़ीबार परिसर की स्थापना, जल परियोजनाओं, आईसीसीआर छात्रवृत्ति और आईटीईसी प्रशिक्षण कार्यक्रम में भारत के समर्थन की सराहना की।
 
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भी आज सुबह राष्ट्रपति म्विनी से भेंट की। ज़ांजीबार के राष्ट्रपति डॉ. हुसैन अली म्विनी उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन के निमंत्रण पर भारत की चार दिन की आधिकारिक यात्रा पर हैं। उनके साथ उनकी पत्नी तथा मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है।
 
विदेश मंत्रालय के अनुसार, ग्लोबल साउथ के साझेदार के रूप में भारत और तंजानिया के बीच लंबे समय से घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। दोनों देश अनेक क्षेत्रों में सहयोग कर रहे हैं। मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति म्विनी की यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने तथा पारस्परिक हितों के लिए सहयोग को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।