सितम्बर 10, 2026 9:42 पूर्वाह्न

printer

डब्ल्यूएचओ महानिदेशक डॉ. टेड्रोस ने स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की

विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस ने तिमोर-लेस्ते के दिली में संगठन की दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय समिति के 79वें सत्र के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की। डॉ. टेड्रोस ने भारत की स्वास्थ्य सम्‍बंधी महत्वपूर्ण उपलब्धियों, विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और गैर-संक्रामक रोगों के खिलाफ लड़ाई में श्री नड्डा को बधाई दी।

सोशल मीडिया पोस्ट में, संगठन के महानिदेशक ने कहा कि 1.60 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से, भारत उच्च रक्तचाप, मधुमेह और सामान्य कैंसर की जांच समुदायों के लिए सुलभ बना रहा है। इसके साथ ही आगे की देखभाल के लिए रेफरल मार्ग भी उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि गर्भधारण से लेकर किशोरावस्था तक माताओं और बच्चों के लिए काम करने वाली भारत की आशा कार्यकर्ताएं स्वास्थ्य सेवा को लोगों तक पहुंचाने का एक और सशक्त उदाहरण हैं।

डॉ. टेड्रोस ने कहा कि विस्तारित टीकाकरण और संस्थागत प्रसवों में 78 प्रतिशत से 93 प्रतिशत तक की वृद्धि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में लगातार योगदान दे रही है।

उन्होंने भारत के तपेदिक को समाप्त करने, चिकित्सा उत्पादों के विनियमन को मजबूत करने और विश्व स्वास्थ्य संगठन को समर्थन देने के प्रयासों पर भी चर्चा की।