पश्चिम बंगाल में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के लिए चार नए हवाई अड्डे बनाए जाएंगे। ये पुरुलिया के छर्रा, दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट, अलीपुरद्वार के हासीमारा और पश्चिम मेदिनीपुर के कलाईकुंडा में बनाए जाएंगे। इन चारों हवाई अड्डों के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच उड़ान योजना के तहत त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन पर 23 सितंबर को कोलकाता में हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. आर. नायडू और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी मौजूद रहेंगे। राज्य सरकार जमीन और बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराएगी, जबकि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण हवाई अड्डों के बुनियादी ढांचे और उड़ान संचालन की देखरेख करेगा। छर्रा हवाई अड्डा द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान 1942 में सैन्य उपयोग के लिए बनाया गया था। इससे पुरुलिया, उसके औद्योगिक क्षेत्रों और अयोध्या पहाड़ियों जैसे पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। बालुरघाट से उत्तर और दक्षिण बंगाल के बीच संपर्क मजबूत होगा, जबकि हासीमारा में सिविल एन्क्लेव से डुआर्स और उत्तर बंगाल में पर्यटन और हवाई संपर्क को बढ़ावा मिलेगा।