पश्चिम एशिया में अमरीका और ईरान दोनों ने होर्मुज जल-डमरू-मध्य पर अपना नियंत्रण होने का दावा किया है। इससे क्षेत्रीय सुरक्षा और कूटनीतिक प्रयासों को लेकर नई चिंताएं पैदा हो गई हैं। ओमान के पास होर्मुज जल-डमरू-मध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर ईरान द्वारा किए गए हालिया ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। इसके बाद से होर्मुज से कोई भी वाणिज्यिक पोत नहीं गुजरा है।
अमरीका ने कहा है कि उसने रातभर ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर हमले किए। इनमें वायु रक्षा प्रणालियां, तटीय रडार केंद्र, मिसाइल और ड्रोन ठिकाने तथा छोटे नौसैनिक पोत शामिल हैं। अमरीका का कहना है कि इस अभियान में पहली बार एकतरफा हमला करने वाले समुद्री ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया। अमरीका के अनुसार, यह कार्रवाई ईरान द्वारा वाणिज्यिक जहाजों पर किए गए हमलों के जवाब में की गई। वहीं, ईरान ने जॉर्डन, बहरीन और कुवैत में अमरीका के सैन्य अड्डों के साथ-साथ ओमान में रडार ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है।