उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल-सीआरपीएफ के सभी जवानों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री राधाकृष्णन ने कहा कि अनुकरणीय साहस, अटूट समर्पण और उच्चतम पेशेवर मानकों के साथ, सीआरपीएफ ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा की रक्षा में अमूल्य योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र अपने वीर जवानों के शौर्य, बलिदान और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति अटूट निष्ठा को सलाम करता है।
श्री मोदी ने कहा कि सीआरपीएफ ने अपने अटूट साहस और कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। आंतरिक सुरक्षा की रक्षा से लेकर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में नागरिकों की सेवा तक, सीआरपीएफ कर्मियों ने हमेशा राष्ट्र को सर्वोपरि रखा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि माओवाद के खतरे को खत्म करने में उनके प्रयास विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं और उन्होंने कई लोगों के जीवन में शांति और प्रगति में योगदान दिया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस अवसर पर सीआरपीएफ कर्मियों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ अटूट साहस, असाधारण व्यावसायिकता और निस्वार्थ सेवा का प्रतीक है। रक्षा मंत्री ने कहा कि सीआरपीएफ भारत की आंतरिक सुरक्षा के सबसे मजबूत स्तंभों में से एक है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सीआरपीएफ का अद्वितीय समर्पण, अनगिनत बलिदान और राष्ट्र की रक्षा तथा उसकी एकता को मजबूत करने की अटूट प्रतिबद्धता हर भारतीय को प्रेरित करती है।