सितम्बर 8, 2026 9:32 अपराह्न

printer

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने मणिपुर के भारतीय राष्ट्रीय सेना शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज मणिपुर के एक दिवसीय दौरे पर इम्फाल पहुंचे। उन्होंने मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के मोइरांग स्थित भारतीय राष्ट्रीय सेना-आईएनए शहीद स्मारक परिसर में भारतीय राष्ट्रीय सेना के वीरता और बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इम्फाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर, मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला, मुख्यमंत्री युम्नाम खेमचंद और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उपराष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया। उपराष्ट्रपति ने आईएनए शहीद स्मारक परिसर का दौरा किया, जहां द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अप्रैल 1944 में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में भारतीय राष्ट्रीय सेना ने पहली बार भारतीय धरती पर तिरंगा फहराया था। उपराष्ट्रपति ने आईएनए युद्ध स्मारक स्तूप का दौरा किया और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने आईएनए संग्रहालय का भी दौरा किया। बाद में उन्होंने इम्फाल स्थित सैनिक विद्यालय का दौरा किया और छात्रों से बातचीत की। वे आज शाम अरुणाचल प्रदेश के लिए रवाना हो गए।