उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने छात्रों से लगातार अपने ज्ञान और कौशल को बढ़ाने तथा तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों के अनुरूप खुद को ढालने का आह्वान किया है। उपराष्ट्रपति आज नई दिल्ली के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स-एस.आर.सी.सी में श्री अरुण जेटली स्मृति वाद-विवाद प्रतियोगिता के तीसरे संस्करण के पुरस्कार समारोह को संबोधित कर रहे थे। उपराष्ट्रपति ने एस.आर.सी.सी के सौ वर्ष पूरे होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ आगे बढ़ते हुए संस्थान को ऊर्जावान और जीवंत बने रहना चाहिए।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली को याद करते हुए श्री राधाकृष्णन ने उन्हें गहन और व्यापक ज्ञान वाला नेता बताया। उन्होंने कहा कि श्री जेटली लोकतंत्र में गहरा विश्वास रखते थे और विचार-विमर्श के साथ-साथ अलग-अलग मतों को सुनने के लिए भी हमेशा तैयार रहते थे।
उपराष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि एस.आर.सी.सी आगे भी ऐसे नेताओं को तैयार करता रहेगा, जो देश की प्रगति और विकास में योगदान देंगे।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए।