वेनेज़ुएला में पिछले महीने आए विनाशकारी भूकंपों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 5 हजार 69 हो गई है। देश की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष होर्हे रोड्रिगेज़ ने बताया कि इस आपदा में 16 हजार 740 लोग घायल हुए हैं, और 6 हजार 462 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। उन्होंने कहा कि राजधानी कराकास तथा ला गुआइरा, मिरांडा और अरागुआ राज्यों में स्थापित 107 अस्थायी राहत शिविरों में 21 हजार 235 लोग रह रहे हैं।
भूकंप आने के तीन सप्ताह से अधिक समय बाद भी स्थिति सामान्य नहीं हुई है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक 1,331 भूंकप के झटके दर्ज किए जा चुके हैं।
इस बीच, वेनेज़ुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ ने भूकंप प्रभावितों की सहायता के लिए 28 देशों द्वारा भेजी गई मानवीय मदद के प्रति आभार व्यक्त किया है। कराकास में एक राहत सामग्री संग्रह केंद्र का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त दो हजार टन से अधिक राहत सामग्री को अस्थायी राहत शिविरों में रह रहे लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।