अगस्त 25, 2026 11:16 पूर्वाह्न

printer

अमरीका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने ईरान के खिलाफ बड़े आर्थिक अभियान का ऐलान किया

अमरीका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने ईरान के खिलाफ बड़े आर्थिक अभियान का ऐलान किया है। अमरीका ने ईरान की आर्थिक गतिविधियों पर दबाव बढ़ाने के लिए नई रणनीति की घोषणा की है। उन्‍होंने चेतावनी भी दी क‍ि जो लोग खुद को तेहरान से जोड़कर रखेंगे उन्‍हें भी नतीजा भुगतना होगा।

श्री बेसेंट ने सोशल मीड‍िया पोस्‍ट में कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध में ‘डी-डे’ उस ऐतिहासिक अभियान की शुरुआत थी, जिसमें अमरीका ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर दुश्मन को उसके ठिकानों से, यहां तक कि तीसरे देशों में मौजूद ठिकानों से भी, निशाना बनाया और वहां से पीछे हटने पर मजबूर किया था। आज उसी भावना के साथ हम विश्व में ईरान के वित्तीय संबंधों के खिलाफ एक बड़ा आर्थिक अभियान शुरू कर रहे हैं।”

श्री बेसेंट ने बताया क‍ि राष्ट्रपति ट्रंप ने ऐसा कदम उठाया है, जिसे पूर्व राष्ट्रपति लंबे समय से टालते रहे थे। उन्होंने कहा कि ट्रंप के नेतृत्व में अमरीका अब केवल ईरान से जुड़े खतरे को संभालने या नियंत्रित करने की कोशिश नहीं कर रहा है, बल्कि उसे पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में काम कर रहा है। उन्‍होंने कहा क‍ि जो लोग अमरीका के साथ हैं, उन्हें लाभ होगा। लेकिन जो लोग खुद को तेहरान से जोड़कर रखेंगे, उन्हें भी एक कमजोर पड़ते और अलग-थलग होते जा रहे शासन के साथ अलगाव का सामना करना पड़ेगा।