अमरीका में जुलाई के दौरान माल और सेवाओं का व्यापार घाटा 24.4 प्रतिशत बढ़कर 88.6 अरब अमरीकी डॉलर हो गया। अमरीकी ब्यूरो ऑफ़ इकोनॉमिक एनालिसिस और सेंसस ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार यह जून के 71.2 अरब डॉलर के संशोधित आंकड़े से ज़्यादा है। देश में आयात बढ़ने और निर्यात घटने के कारण व्यापार घाटे में वृद्धि हुई। निर्यात 2.1 प्रतिशत घटकर 310.7 अरब डॉलर रह गया, जबकि आयात 2.8 प्रतिशत बढ़कर 399.3 अरब डॉलर हो गया।
जुलाई में भारत के साथ अमरीका का माल व्यापार घाटा पांच अरब डॉलर रहा। माल के व्यापार में अमरीका का सबसे बड़ा घाटा मैक्सिको के साथ 27.5 अरब डॉलर रहा। इसके बाद वियतनाम, ताइवान, चीन, दक्षिण कोरिया और यूरोपीय संघ का स्थान है। माल के बढ़ते घाटे की भरपाई में सेवा क्षेत्र का योगदान अपेक्षाकृत कम रहा। सेवा निर्यात 0.4 अरब डॉलर घटकर 109.7 अरब डॉलर रह गया, जबकि सेवा आयात 0.6 अरब डॉलर घटकर 78.7 अरब डॉलर रह गया।