जुलाई 16, 2026 7:00 अपराह्न

printer

अमरीका ने ईरान के उत्तरी ठिकानों को निशाना बनाया, जवाब में ईरान ने अमरीकी सहयोगी देशों पर हमला किया

अमरीका ने ईरान पर हमले और तेज कर दिए हैं। आज सुबह किए गए हमलों में उत्तर में स्थित ठिकानों को निशाना बनाया गया और अमरीकी नौसैनिक नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे एक जहाज पर भी गोलीबारी की गई। जवाब में ईरान ने क्षेत्र में अमरीका के सहयोगी देशों को निशाना बनाते हुए मिसाइल और ड्रोन हमले किए।

ईरानी अधिकारियों का कहना है कि हाल के अमरीकी हमलों में 35 से अधिक लोग मारे गए हैं और 300 से अधिक घायल हुए हैं। पहली बार राजधानी तेहरान के आसपास के इलाकों में भी हमले हुए हैं। अमरीकी हमलों में सेमनान प्रांत में ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल उत्पादन और अंतरिक्ष कार्यक्रम के केंद्र को निशाना बनाया गया। ईरानी सेना के प्रवक्ता कर्नल इब्राहिम ज़ोल्फ़ागरी ने धमकी दी है कि अगर अमरीका ईरान में पुलों और बिजली संयंत्रों को निशाना बनाता है तो ईरान क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे पर व्यापक हमले कर सकता है। प्रवक्‍ता ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में  अमरीका को होर्मुज जल-डमरू-मध्य में हस्तक्षेप की अनुमति नहीं दी जाएगी।