जुलाई 16, 2026 8:05 पूर्वाह्न

printer

अमरीका ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य में जहाज़ों की सुरक्षित आवाजाही के लिए ईरान पर फिर हमले किए

अमरीका ने दावा किया है कि उसने होर्मुज़ जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही के लिए ईरान पर हमलों का एक नया दौर शुरू किया है। अमरीकी सेना ने कहा कि उसने कल ईरान पर दूसरा बड़ा हमला किया, जिसका मकसद होर्मुज़ जलडमरूमध्य में जहाजों को निशाना बनाने की ईरान की क्षमता को खत्‍म करना था। राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप इस महत्‍वपूर्ण जलमार्ग पर ईरान की पकड़ को कमजोर करने के लिए अमरीकी सैन्य अभियान को बढ़ाने के विकल्पों पर भी विचार कर रहे हैं। आज सुबह एक जोरदार धमाके के बाद तेहरान में एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिवेट कर दिए गए। ईरान ने दावा किया कि उसने बहरीन और कुवैत समेत इस इलाके में अमरीकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं।

अमरीकी सेना ने कहा कि उसने ईरान के लिए आर्थिक रूप से बेहद अहम खार्ग द्वीप की ओर जा रहे एक खाली तेल टैंकर को रोक दिया है। अमरीका द्वारा नौसैनिक नाकेबंदी फिर से लागू किए जाने के बाद यह पहला जहाज है जिसे रोका गया है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि उनकी अमरीका के साथ बातचीत करने की कोई योजना नहीं है।

राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि ईरान ने दिसंबर 2024 से हिरासत में रखी गई एक अमरीकी महिला को रिहा कर दिया है और उन्होंने तेहरान के इस सद्भावनापूर्ण कदम की प्रशंसा की।