अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा है कि ईरान को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। हाल ही में जॉर्डन में दो अमरीकी सैनिकों और इराक में एक सैनिक के मारे जाने के बाद उनकी यह चेतावनी आई है। इस बीच, अमरीकी सेना ने आज ईरान के खिलाफ नए हमलों की शुरुआत की है। अमरीकी सेंट्रल कमांड – सेंटकॉम ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इन हमलों का उद्देश्य ईरान की उन सैन्य क्षमताओं को और कमजोर करना है जिनका इस्तेमाल होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर हमले के लिए किया जाता है।
इससे पहले ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर – आरआरजीसी ने कहा कि उसने ईरानी प्रांतों पर अमरीकी हमलों के जवाब में मिसाइल और ड्रोन हमलों के तीन दौर के जरिए बहरीन और कुवैत में अमरीकी संपत्तियों और ठिकानों पर ‘भारी प्रहार’ किए हैं। अपने आधिकारिक समाचार माध्यम पर जारी एक बयान में, आईआरजीसी ने कहा कि हमलों के पहले दौर में उसने बहरीन के अल-साखिर हवाई अड्डे पर अमरीकी इकाइयों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले ड्रोन रखरखाव और मरम्मत हैंगर को नष्ट कर दिया। उसने कहा कि दूसरे दौर में, बहरीन के सलमान पोर्ट पर अमरीकी नौसेना की टास्क फोर्स 59 को निशाना बनाया गया और जहाजों को भारी नुकसान पहुंचा। हमलों के तीसरे दौर में कुवैत के कैंप आरिफजान में अमरीकी स्पेशल नेवल कमांडो की तैनाती, सहायता और साजो-सामान से जुड़ी सुविधाओं में आग लगा दी गई और उन्हें नष्ट कर दिया गया।
इस बीच, बहरीन के विदेश मंत्रालय ने ईरान के बार-बार हो रहे हमलों की निंदा की। बहरीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान ने महत्वपूर्ण नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया और नागरिकों की जान के लिए सीधे खतरा पैदा किया। कुवैत ने भी आरोप लगाया कि ईरानी ड्रोनों ने उसके नागरिक हवाई नौवहन प्रणाली को निशाना बनाया। हालांकि हवाई नौवहन सेवाएं प्रभावित नहीं हुईं।