अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने अवैध अप्रवासी ट्रक चालकों पर व्यापक कार्रवाई की योजना की घोषणा की है। इस प्रस्ताव का उद्देश्य अमरीका की सड़कों पर अवैध रूप से काम कर रहे लोगों को हटाकर उनकी जगह नए वाणिज्यिक लाइसेंसिंग कार्यक्रम के माध्यम से सैन्य क्षेत्र के लोगों को लाना है। यह घोषणा पेंसिल्वेनिया रक्षा और नवाचार शिखर सम्मेलन के दौरान की गई।
प्रस्ताव की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए राष्ट्रपति ट्रम्प ने पेंसिल्वेनिया राज्य के पुलिसकर्मी माइकल पहिरा की हाल ही में हुई मृत्यु का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी की हत्या एक अवैध अप्रवासी ने की थी जो वाणिज्यिक चालक लाइसेंस के साथ एक सेमी-ट्रक चला रहा था। सड़क सुरक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति ने दावा किया कि अवैध चालकों को वाणिज्यिक वाहन नहीं चलाने चाहिए।
राष्ट्रपति ट्रम्प ने वाणिज्यिक ट्रकिंग नौकरियों के लिए प्रासंगिक सैन्य ड्राइविंग अनुभव को स्वतः मान्यता देने के प्रस्ताव की भी घोषणा की। इस योजना के तहत, सेना में भारी ट्रक चलाने वाले अमरीकी नागरिक स्वतः वाणिज्यिक चालक लाइसेंस के लिए पात्र हो जाएंगे।