जुलाई 20, 2026 8:02 पूर्वाह्न

printer

अमेरिका ने ईरान पर नए सैन्य हमले शुरू किए: अमरीकी सेन्‍ट्रल कमांड

अमरीकी सेन्‍ट्रल कमांड (सेन्‍टकॉम) ने कहा कि उसने ईरान पर नए सैन्‍य हमलों की शुरूआत की है। ये ईरान पर हमलों की लगातार नौवीं रात है। सेन्‍टकॉम ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में बताया कि कल रात ईरान पर शुरू हुए नए हमले ईरान की सैन्‍य क्षमताओं को कमजोर करने तक जारी रहेंगे। ईरान होर्मुज जलडमरूमध्‍य से गुजरने वाले वाणिज्यिक पोतों और नागरिक जहाजों पर हमले करता रहा है इस कारण जलडमरूमध्‍य में तनाव में और वृद्धि हुई है। इससे पहले हमलों की लगातार आठवी रात अमरीकी बलों ने तटीय निगरानी और हवाई रक्षा सुविधाओं, समुद्री क्षमताओं, मिसाइल और ड्रोन भंडारण ठिकानों सहित ईरान की कई सैन्‍य परिसंपत्तियों को निशाना बनाया। अमरीकी सेना ने इस्‍लामिक रिवोल्‍यूशनरी गार्ड कोर- आईआरजीसी बलों को भी निशाना बनाया। आईआरजीसी ने 17 जुलाई को जॉर्डन में अमरीकी सेवा के सदस्‍यों पर हमले किए थे।

50 हजार से अधिक वर्दीधारी अमरीकी सेवा के पुरूष और महिला सदस्‍य पश्चिम एशिया में सक्रिय हैं। अमरीका ने पिछले सप्‍ताह ईरान के पश्चिमी प्रांतों में सैन्‍य ठिकानों और अवसंरचनाओं पर नए हमलों की शुरूआत की है। इन हमलों का उद्देश्‍य होर्मुज जलडमरूमध्‍य में वाणिज्यिक नौवहन के लिए खतरा उत्‍पन्‍न करने वाली ईरान की क्षमताओं को कमजोर करना था।