होर्मुज़ जलडमरूमध्य से गुज़रने वाले कमर्शियल जहाज़ों पर तेहरान के हालिया हमलों के जवाब में अमरीका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी फिर से शुरू कर दी है। एक टीवी न्यूज़ चैनल को दिए साक्षात्कार में अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर लोग होर्मुज़ से गुज़रना चाहते हैं तो यह रास्ता खुला है, लेकिन ईरान के लिए नहीं। श्री ट्रंप ने तेहरान को चेतावनी भी दी कि अमरीका आज रात ईरान पर हमला करने वाला है और इन हमलों की तीव्रता हर अगली रात के साथ बढ़ती जाएगी। उन्होंने कहा कि जब तक ईरान बातचीत पर नहीं आता, तब तक अमरीका उसके सभी बिजली संयंत्रों और पुलों को निशाना बनाएगा।
श्री ट्रंप ने आरोप लगाया है कि तेहरान जो कुछ भी कहता है वह झूठ है क्योंकि वे हमेशा से परमाणु हथियार चाहते थे। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान हर बार समझौता तोड़ता है। उन्होंने ईरानी सरकार के नेताओं को संदेश दिया कि उनके पास अब बस एक ही विकल्प बचा है या तो वे समझौता कर लें या फिर उनका कोई नामो-निशान नहीं बचेगा।
इस बीच, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स-आईआरजीसी ने बड़े पैमाने पर हमले करते हुए बहरीन में हथियारों और भंडारण केंद्रों को निशाना बनाया। आईआरजीसी ने एक बयान में कहा कि बहरीन के शेख ईसा बेस पर एक साथ मिसाइल और ड्रोन ऑपरेशन के दौरान हथियारों और पुर्ज़ों के कई स्टोरेज शेड नष्ट कर दिए गए।
आईआरजीसी ने यह भी दावा किया कि उसने कुवैत के अली सलेम एयर बेस पर तैनात एमक्यू-9 ड्रोन के रैम्प पर हमला कर कई ड्रोन नष्ट किए।