जुलाई 11, 2026 10:58 पूर्वाह्न

printer

अमरीका ने ईरान पर लगाए नए प्रतिबंध

अमेरिका में, ट्रंप प्रशासन ने आज ईरान पर नए प्रतिबंध लगाए हैं। इन प्रतिबंधों में ईरान के नेतृत्व से जुड़े व्यक्तियों और वित्तीय नेटवर्कों को निशाना बनाया गया है। इस सप्ताह की शुरुआत में वाणिज्यिक जहाजों पर तेहरान के हमलों के जवाब में यह कार्रवाई की गई है।

इससे पहले अमेरिका ने कई जवाबी कदम उठाए हैं, जिनमें ईरानी ठिकानों पर हमले और तेहरान को तेल बेचने की अनुमति देने वाली छूट को वापस लेना शामिल है।

अमेरिकी वित्त विभाग ने कहा कि ये प्रतिबंध दुबई स्थित ईरानी वित्तीय सुविधाकर्ता अली अंसारी पर लगाये गये हैं, जो ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई और शासन से जुड़े विशिष्ट वर्ग को लाभ पहुंचाने वाली संपत्तियों के एक विशाल वैश्विक नेटवर्क की देखरेख करते हैं। इन प्रतिबंधों में प्रमुख ईरानी एक्सचेंज हाउस भी शामिल हैं, जिन पर प्रतिबंधित ईरानी बैंकों की ओर से सालाना अरबों डॉलर के लेन-देन का आरोप है।

अमेरिका के विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगोट ने एक बयान में कहा कि अमरीका ईरान के सत्ताधारी विशिष्ट वर्ग को सहारा देने वाले वित्तीय साधनों को समाप्‍त करने के लिए निर्णायक कार्रवाई कर रहा है।

ये प्रतिबंध ऐसे समय में आए हैं जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा अमेरिका-ईरान समझौता ज्ञापन के समाप्त होने की घोषणा के बावजूद तनाव कम करने के लिए राजनयिक प्रयास जारी हैं। हालांकि, राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत जारी रहेगी।