जून 27, 2026 9:25 अपराह्न | Jewar | Uttar Pradesh

printer

उत्तर प्रदेश के जेवर में 6,750 करोड़ रुपये की दो इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के जेवर में 6,750 करोड़ रुपये के दो बडी इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण परियोजनाओं की आधारशिला रखी। श्री वैष्णव ने कहा कि आने वाले वर्षों में जेवर इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर विनिर्माण के लिए भारत के प्रमुख केंद्रों में से एक बनने के लिए तैयार है। परियोजनाओं के महत्व पर श्री वैष्‍णव ने कहा कि इन सुविधाओं में उन्नत मल्टी-लेयर प्रिंटेड सर्किट बोर्ड -पीसीबी बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पहले जो लगभग 40,000 करोड़ रुपये मूल्य के पीसीबी आयात किए जाते थे, अब उनका निर्माण देश में ही किया जाएगा।

इस अवसर पर, उन्होंने बुनियादी ढांचे के परिवर्तनकारी प्रभाव पर बल देते हुए कहा कि प्रस्तावित दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर उत्तर प्रदेश में कनेक्टिविटी, औद्योगिक और आर्थिक विकास को गति देगा।

श्री वैष्णव ने बताया कि बुलेट ट्रेन से दिल्ली से लखनऊ का सफर सिर्फ 2 घंटे 10 मिनट में पूरा हो जाएगा, जबकि जेवर से लखनऊ का सफर सिर्फ एक घंटे 40 मिनट में पूरा होगा।

कार्यक्रम के दौरान, उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्लस्टर में स्थापित होने वाली पहली औद्योगिक इकाई की आधारशिला रखी।