कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान कल नई दिल्ली में तीन दिवसीय ग्लोबल ड्राईलैंड कांग्रेस-2026 को संबोधित करेंगे। कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय ने बताया कि इस सम्मेलन का आयोजन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और अंतरराष्ट्रीय अर्ध-शुष्क उष्णकटिबंधीय फसल अनुसंधान संस्थान (आईसीआरआईएसएटी) संयुक्त रूप से कर रहे हैं।
सम्मेलन का विषय है- विकासशील देशों के बीच सहयोग के जरिए शुष्क क्षेत्र की कृषि में बदलाव। यह आयोजन राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर में होगा। आईसीएआर और आईसीआरआईएसएटी के बीच साझेदारी के 50 वर्ष भी पूरे हो रहे हैं।
मंत्रालय ने बताया कि सम्मेलन में एशिया, अफ्रीका और अमेरिका के 800 से अधिक वैज्ञानिक, नीति निर्माता, किसान प्रतिनिधि और विकास क्षेत्र से जुड़े साझेदार भाग लेंगे। वे छह प्रमुख विषयों पर चर्चा करेंगे। इनमें फसल प्रजनन, जलवायु अनुकूलन, पोषण और बाजार, कृषि प्रणालियां, बीज प्रणालियां तथा महिलाओं और युवाओं की भागीदारी शामिल हैं।
सम्मेलन के अंत में शुष्क क्षेत्रों की कृषि पर दिल्ली घोषणा-पत्र अपनाया जाएगा। इसके साथ ही नई साझेदारियों और समझौता ज्ञापनों की घोषणा की जाएगी तथा शुष्क क्षेत्र की कृषि विज्ञान में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कार भी दिए जाएंगे।