वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने नई दिल्ली में थाईलैंड की उप प्रधानमंत्री और वाणिज्य मंत्री सुफाजी सुथुम्पुन से मुलाकात की। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बताया कि दोनों मंत्रियों ने भारत और थाईलैंड की आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। इसमें द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ावा देना तथा व्यापारिक अवसरों का विस्तार करना शामिल रहा। उन्होंने द्विपक्षीय व्यापार में संतुलित और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए अधिक सहयोग और समाधानों के सह-निर्माण पर भी चर्चा की।
दोनों मंत्रियों ने आसियान-भारत व्यापार समझौते की प्रगति की समीक्षा की और भारत-थाईलैंड संयुक्त व्यापार समिति के माध्यम से द्विपक्षीय जुड़ाव की आवश्यकता पर बल दिया। दोनों मंत्रियों ने अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, कोल्ड-चेन लॉजिस्टिक्स, खाद्य प्रसंस्करण और नवाचार, स्वास्थ्य और कल्याण तथा व्यापार और निवेश प्रोत्साहन सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत थाई व्यवसायों के एक प्रतिनिधिमंडल को भी संबोधित किया।
मंत्रालय ने कहा कि भारत और थाईलैंड के बीच दीर्घकालिक सभ्यतागत, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों के साथ साथ रणनीतिक साझेदारी भी है। दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार और निवेश का विस्तार करने तथा निजी क्षेत्र के सहयोग को मजबूत करने के लिए प्रयासरत हैं।