मई 18, 2026 4:47 अपराह्न

printer

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने जिनेवा में विश्व स्वास्थ्य संगठन महानिदेशक डॉ. टेड्रोस से मुलाकात की

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने स्विट्जरलैंड के जिनेवा में आयोजित 79वीं विश्व स्वास्थ्य सभा के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस से मुलाकात की। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि श्री नड्डा ने वैश्विक स्वास्थ्य समानता को बढ़ावा देने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पारंपरिक चिकित्सा, एआई-आधारित जन स्वास्थ्य नवाचारों और टीबी उन्मूलन की दिशा में निरंतर प्रयासों जैसी प्रमुख कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला। मंत्री ने विश्व की फार्मेसी के रूप में देश की भूमिका पर भी बल दिया। बैठक के दौरान, डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक ने भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधारों और वैश्विक स्वास्थ्य साझेदारियों में नेतृत्व की सराहना की और साझा प्राथमिकताओं पर डब्ल्यूएचओ के साथ सहयोग और मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। श्री नड्डा 79वीं विश्व स्वास्थ्य सभा में भाग लेने के लिए कल रात स्विट्जरलैंड पहुंचे। स्वास्थ्य सभा का समापन शनिवार को होगा।