संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस रविवार को नई दिल्ली में होने वाली ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उनके प्रवक्ता स्टीफन डुजारिक ने कल बताया कि अपने संबोधन में वे विश्व की बदलती बहुध्रुवीय वास्तविकताओं को सामने रखने में ब्रिक्स की भूमिका का समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि गुटेरेस इस बात पर बल देंगे कि आज की आर्थिक, जनसांख्यिकीय और भू-राजनीतिक वास्तविकताएं 1945 की वास्तविकताओं से भिन्न हैं, और ब्रिक्स देश इस बदलती वास्तविकता का प्रतिनिधित्व करते हैं।
श्री गुटेरेस बतायेंगे कि बहुध्रुवीयता किस प्रकार वैश्विक प्रणालियों और संस्थानों में संतुलन लाने में सहायक हो सकती है। वे आज की वास्तविकताओं को प्रतिबिंबित करने के लिए ब्रेटन वुड्स प्रणाली और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद सहित बहुपक्षीय संस्थानों में सुधारों का आह्वान भी करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित यह शिखर सम्मेलन “लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण” विषय पर आधारित है।
श्री डुजारिक ने बताया कि गुटेरेस के प्रधानमंत्री मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग सहित अन्य नेताओं की द्विपक्षीय बैठकें होने की भी आशा है।
फरवरी में भारत-एआई शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद, यह गुटेरेस की भारत की पांचवीं और इस वर्ष की दूसरी यात्रा होगी।