संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने अपने जलक्षेत्र के ऊपर ईरान की ओर से किए गए ड्रोन हमले की निंदा की है। यूएई की वायु रक्षा प्रणालियों ने इस ड्रोन को रोक दिया। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इस तरह के हमले गंभीर रूप से तनाव बढ़ाने वाले, यूएई की सुरक्षा, स्थिरता तथा अखंडता के लिए खतरा हैं। मंत्रालय ने कहा कि ये हमले अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों का उल्लंघन हैं।
यूएई ने कहा है कि वह अपनी सुरक्षा और संप्रभुता के लिए किसी भी खतरे को बर्दाश्त नहीं करेगा और इन हमलों का जवाब देने का अधिकार रखता है। उसने इन हमलों को तुरंत रोकने और सभी शत्रुतापूर्ण गतिविधियों को पूरी तरह बंद करने की अपील की। यूएई ने मिसाइलों से जॉर्डन को निशाना बनाए जाने की भी निंदा की।
गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल-जीसीसी के महासचिव जासेम मोहम्मद अलबुदैवी ने भी हमलों की निंदा की और ईरान से ऐसे हमले और शत्रुतापूर्ण गतिविधियां तुरंत रोकने की अपील की। इस बीच अमरीका और ईरान के बीच सैन्य हमले जारी हैं। पिछले एक महीने में दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा है। ताजा घटनाक्रम के बाद ब्रेंट क्रूड और अमेरिकी डब्ल्यूटीआई कच्चे तेल की कीमतों में करीब तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।