अमरीकी सेना ने कल रात ईरान पर फिर से सैन्य हमले किए। दोनों देशों के बीच शांति समझौता टूटने के बाद इस्लामिक गणराज्य पर अमरीका का यह लगातार छठा हमला है। अमेरिकी केंद्रीय कमान के अनुसार इस हमले का उद्देश्य ईरान की सैन्य क्षमताओं को और कमजोर करना है क्योंकि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले अमरीकी वाणिज्यिक जहाजों के लिए खतरा पैदा करता है।
इस बीच ईरान की सरकारी मीडिया ने बताया कि ईरान पर अमेरिकी हमलों में नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने के बाद तीन लोग मारे गए और कई अन्य घायल हुए हैं। ईरान के होर्मोज़गान प्रांत में कई स्थानों पर हमले हुए और कोहोरेस्तान गांव के पास दो पुलों और बंदर खमीर काउंटी में शोर नदी को भी हवाई हमलों में निशाना बनाया गया।