जुलाई 22, 2026 11:58 पूर्वाह्न

printer

अमरीका ने लगातार 11वीं रात ईरान पर हवाई हमले किए

अमरीका के परमाणु ठिकानों को निशाना बनाने की ईरान की चेतावनी के मद्देनजर अमरीका ने लगातार 11वीं रात ईरान पर हमले किए हैं। अमरीका के केंद्रीय कमान ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर ईरान के हमलों की चेतावनी को कमजोर करने के लिए यह हमले किए जा रहे हैं।

केंद्रीय कमान ने सैन्य अभियान केंद्रों, समुद्री क्षमताओं, विमान हैंगरों, ड्रोन भंडारण सुविधाओं और सैन्य रसद बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया। इससे पहले, ईरान ने पिछले तीन महीनों में इस रणनीतिक जलमार्ग से गुजरने वाले 30 से अधिक वाणिज्यिक जहाजों पर हमले किए थे। ईरान ने इन हमलों को अनुचित बताते हुए कहा था कि इनसे सैकड़ों नाविकों की जान खतरे में पड़ गई और नौवहन की स्वतंत्रता बाधित हुई। कमान ने कहा कि ईरान की आक्रामकता के बावजूद, होर्मुज जलडमरूमध्य वाणिज्यिक जहाजों के आवागमन के लिए खुला है। उसने कहा कि अमरीका की सेना ने इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से लगभग 45 करोड़ बैरल कच्चे तेल ले जाने वाले लगभग 900 वाणिज्यिक जहाजों के पारगमन में सहायता की है।

ईरान के सरकारी प्रसारक, इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग के अनुसार, अमरीका द्वारा हवाई हमलों की घोषणा के बाद ईरान में कई स्थानों पर हवाई हमले हुए। इलम प्रांत के चावर और अब्दानन क्षेत्रों, और अब्दानन के दिनारकोह इलाके में हवाई हमले हुए। खुज़ेस्तान प्रांत के महशहर और पूर्वी अज़रबैजान प्रांत के तबरीज़ शहरों में विस्फोटों की आवाज़ें सुनी गईं। सरकारी प्रसारक के अनुसार, ईरान के कुर्दिस्तान प्रांत में बानेह शहर की सीमा से बाहर एक स्थान और बेहबाहन और ओमिदियेह शहरों के आसपास के क्षेत्रों पर मिसाइल हमला हुआ।