कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2024 बैच में लगभग 41 प्रतिशत महिला अधिकारियों का होना भारत में व्यापक सामाजिक परिवर्तन को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और पेशेवर क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी अवसरों और पहुंच के तेजी से लोकतांत्रिक होने का परिचायक है। आज नई दिल्ली में 2024 बैच के आईएएस अधिकारी प्रशिक्षुओं के साथ बातचीत में श्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि आज शासन में तकनीकी समझ और अंतर्विषयक सोच की आवश्यकता बढ़ती जा रही है।
उन्होंने अधिकारियों से मिशन कर्मयोगी जैसे प्लेटफार्मों का समुचित उपयोग करने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता और सार्वजनिक संचार सहित उभरते क्षेत्रों में अपनी क्षमताओं को लगातार बढाने का आग्रह किया।