सितम्बर 17, 2026 4:40 अपराह्न

printer

देश में डॉप्लर मौसम रडारों की संख्या बढ़कर 51 हुई: पृथ्वी विज्ञान मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह

पृथ्वी विज्ञान मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि पिछले बारह वर्षों में देश में डॉप्लर मौसम रडारों की संख्या चौदह से बढ़कर इक्यावन हो गई है। उन्होंने आज ओडिशा के संबलपुर में भारत के 51वें अत्याधुनिक डॉप्लर मौसम रडार का वर्चुअल उद्घाटन करते हुए यह बात कही।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ‘मिशन मौसम’ के अंतर्गत लगभग चालीस और रडार स्थापित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि यह विस्तार भारत की मौसम घटनाओं का अवलोकन करने, उन्हें समझने और उनसे निपटने की क्षमता को मजबूत करने के सरकार के प्रयासों का हिस्सा है। डॉ. सिंह ने कहा कि उन्नत अवलोकन क्षमताएं विशेष रूप से उन क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण हैं जो आंधी, बिजली, मूसलाधार वर्षा और अन्य मौसम संबंधी खतरों के प्रति संवेदनशील हैं।

 इस अवसर पर डॉ. सिंह ने विदेशी देशों को मौसम पूर्वानुमान प्रदान करने में भारतीय मौसम विभाग की भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ‘पड़ोसी पहले’ और ‘विश्व बंधु भारत’ की भावना से प्रेरित होकर, भारतीय मौसम विभाग तेरह पड़ोसी देशों को मौसम, चक्रवात और अचानक बाढ़ का पूर्वानुमान और पूर्व चेतावनी सहायता प्रदान कर रहा है।