दिल्ली नगर निगम- एमसीडी ने असुरक्षित ढांचों, अवैध निर्माण और दुरुपयोग से होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए खतरनाक और अनधिकृत इमारतों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही और एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार ने सभी क्षेत्रीय उपायुक्तों को खतरनाक और जर्जर इमारतों की पहचान करने, जोखिम के अनुसार वर्गीकृत करने, सील और विध्वंस सहित तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
महापौर ने कहा कि उपायुक्तों को पीजी आवासों, स्कूलों, होटलों और स्वास्थ्य सुविधाओं का व्यापक निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया गया है। एमसीडी आयुक्त ने निर्देश दिया कि तत्काल खतरा पैदा करने वाली इमारतों के खिलाफ कानून के प्रावधानों के तहत जहां भी आवश्यक हो, सील करने और अवैध निर्माण गिराने सहित त्वरित कार्रवाई की जानी चाहिए।