अगस्त 29, 2026 8:08 अपराह्न

printer

आई.आर.जी.सी ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर पूरा नियंत्रण होने का दावा किया

इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आई.आर.जी.सी) की नौसेना ने हाल ही में दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर उसका “निर्णायक नियंत्रण” है और अमरीका का यह दावा झूठा है कि यह मार्ग खुला हुआ है। एक बयान में, आई.आर.जी.सी ने कहा कि ईरान के बिना समन्वय के कोई भी जहाज इस महत्वपूर्ण जलमार्ग से नहीं गुजर सकता। यह प्रतिबंध तब तक जारी रहेगा जब तक अमरीका अपनी कार्रवाई और नीतियां बंद नहीं करता। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया का एक मुख्य तेल मार्ग है, जिससे ईरान को मौजूदा संघर्ष में रणनीतिक लाभ मिलता है।

अमरीका और इस्राएल द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हमलों और सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मृत्यु को 6 महीने पूरे हो चुके हैं, लेकिन दोनों पक्षों के बीच किसी भी सार्थक वार्ता में कोई प्रगति नहीं हुई है। तनाव के नवीनतम दौर में, अमरीका ने ईरान को आर्थिक रूप से निशाना बनाने की कोशिश की है, जिसे प्रशासन ने “आर्थिक डी-डे” कहा है। वहीं, अमरीकी प्रतिबंधों के खिलाफ दृढ़ रुख अपनाते हुए ईरान ने कहा है कि प्रतिबंधों और युद्ध के कारण उत्पन्न आर्थिक दबावों को दूर करना, मुद्रास्फीति पर अंकुश लगाना, बाजारों का प्रबंधन करना और रोजगार सृजन करना उनकी प्राथमिकता है।

इस बीच, अमरीकी विदेश विभाग ने कुवैत, बहरीन और कतर स्थित अपने दूतावासों में सरकारी कर्मचारियों के परिवारों पर लगे यात्रा प्रतिबंधों को हटाना शुरू कर दिया है। अब अमरीकी सरकारी कर्मचारियों के परिवार के सदस्य उनके साथ इन देशों में रह सकते हैं। हालांकि, यात्रा सलाह स्तर या जोखिम संकेतकों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह भी बताया गया है कि क्षेत्र में स्थित कुछ अन्य अमरीकी दूतावासों में भी ऐसे प्रतिबंधों में ढील दी जा सकती है।