इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी -आई ई ए ने आज कहा कि अमरीका और ईरान के बीच तनाव दोबारा बढ़ने से 2027 में दुनिया भर में तेल की भारी अतिरिक्त आपूर्ति का उसका अनुमान गलत साबित हो सकता है। एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार जून में वैश्विक तेल आपूर्ति चार दशमलव एक मिलियन बैरल प्रति दिन बढ़कर 98.8 मिलियन बैरल प्रति दिन हो गई। यह बढ़ोतरी इसलिए हुई क्योंकि युद्धविराम के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य के पास फंसे टैंकरों ने अपनी यात्रा फिर से शुरू कर दी है। इस सुधार के बावजूद, वैश्विक उत्पादन युद्ध से पहले के स्तर से 9.4 मिलियन बैरल प्रति दिन कम है।
एजेंसी का अनुमान है कि इस साल वैश्विक तेल की मांग में एक मिलियन बैरल प्रति दिन की कमी आएगी, लेकिन 2027 में इसमें 2 मिलियन बैरल प्रति दिन की बढ़ोतरी होगी; यह छह वर्षों में पहली वार्षिक गिरावट होगी। वहीं, एजेंसी का अनुमान है कि इस साल 3.7 मिलियन बैरल प्रति दिन की कमी के बाद अगले साल ऑयल सप्लाई में 7.5 मिलियन बैरल प्रति दिन की बढ़ोतरी होगी, लेकिन यह रिकवरी होर्मुज जलडमरूमध्य से बेहतर ट्रांजिट फ्लो (आवाजाही) पर निर्भर करती है।