ईरान की राजधानी तेहरान में आज पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली ख़ामेनेई की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। खामेनेई और उनके परिवार के सदस्यों का पार्थिव शरीर एक विशेष वाहन पर रखा गया है। वाहन को एक इमाम की दरगाह की जालीदार बनावट की तरह सजाया गया है। इन लोगों की 28 फरवरी को इस्राएल और अमरीका की ओर से किए गए हमलों में मृत्यु हो गई थी।
अंतिम यात्रा की व्यवस्था संभाल रहे रिवोल्यूशनरी गार्ड के जनरल हसन हसनज़ादेह ने बताया कि पार्थिव शरीरों को लगभग बारह घंटे तक तेहरान की सड़कों से ले जाया जाएगा। इसके बाद उन्हें मेहराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचाया जाएगा।
शोक की अवधि के दौरान प्रशासन ने राजधानी की कई प्रमुख सड़कों को बंद कर दिया है। देश का हवाई क्षेत्र भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और सामान्य जनजीवन पर भी इसका असर पड़ा है। यह शोक शनिवार से शुरू हुआ है और बृहस्पतिवार तक जारी रहेगा। इसके बाद अयातुल्ला अली ख़ामेनेई को उनके जन्मस्थान मशहद स्थित इमाम रज़ा की दरगाह में सुपुर्द-ए-ख़ाक किया जाएगा।
इस बीच, ईरान संघर्ष को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए अमरीका के साथ बातचीत भी जारी रखे हुए है।