प्रवर्तन निदेशालय, वित्त वर्ष 2016-17 और 2017-18 के दौरान यस बैंक के ऋणों के कथित धोखाधड़ीपूर्ण आवंटन के संबंध में मुंबई, खंडाला और नई दिल्ली में 17 स्थानों पर तलाशी अभियान चला रहा है। तलाशी अभियान में सुरक्षा एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड-एसएआरसीएल, सुरक्षा रियल्टी लिमिटेड, ख्याति रियल्टर्स प्राइवेट लिमिटेड, उनके प्रवर्तकों, निदेशकों और कर्मचारियों के साथ-साथ यस बैंक के एक पूर्व कर्मचारी से जुड़े परिसर शामिल हैं।
निदेशालय ने कहा है कि यह तलाशी अभियान कुछ एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनियों और यस बैंक के बीच कथित मिलीभगत से जुड़े धनशोधन मामले में सबूत जुटाने के लिए चलाया जा रहा है। जांच संकटग्रस्त संपत्तियों के अधिग्रहण के लिए सर्कुलर लेनदेन, नीलाम की गई संपत्तियों का कम मूल्यांकन, बढ़ा-चढ़ाकर या धोखाधड़ी से किए गए दावे और कॉर्पोरेट दिवालियापन समाधान प्रक्रिया में लेनदारों के मतदान अधिकारों और पारदर्शिता से संबंधित मुद्दों के संबंध में है।