दिल्ली सरकार ने पिछले वर्ष तेज बारिश से फसल गंवाने वाले किसानों के लिए 33 करोड़ 31 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि को मंजूरी दे दी है। इसके अंतर्गत प्रभावित किसानों को 75 हज़ार रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इस निर्णय के अंतर्गत दिल्ली के विभिन्न जिलों और उप-खंडों में फैले लगभग 4 हज़ार चार सौ हेक्टेयर से अधिक प्रभावित किसानों तक सीधे अनुग्रह राशि पहुंचेगी। यह राशि अगले महीने से प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के माध्यम से पात्र किसानों के बैंक खाते में सीधे भेजी जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ने यह सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट पात्रता शर्तें तय की हैं कि सहायता राशि केवल वास्तविक और पात्र किसानों तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जो उस भूमि के पंजीकृत मालिक हैं और जिनकी फसल पिछले वर्ष अगस्त और सितंबर की तेज बारिश और जलभराव के कारण खराब हुई थी। मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग और संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत राशि के वितरण की प्रक्रिया बिना किसी देरी के शुरू की जाए जिससे पात्र किसानों के बैंक खातों में सहायता राशि जल्द ही सीधे हस्तांतरित की जा सके।