मणिपुर में संदिग्ध ज़हरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या 17 हो गई है। मृतकों में से 16 चंदेल जिले के और एक काकचिंग जिले का निवासी है।
राज्य सरकार के प्रवक्ता और विधायक थोकचोम राधेश्याम सिंह ने आज इम्फाल में बताया कि शराब के नमूने परीक्षण के लिए कोलकाता भेजे गए हैं और जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति एक महीने के भीतर रिपोर्ट सौंपेगी।
प्रवक्ता ने बताया कि राज्य भर में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ छापेमारी जारी है और अब तक लगभग चार हजार छह सौ लीटर अवैध शराब जब्त की जा चुकी है। श्री थोकचोम ने बताया कि अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।