अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान में हाल में हमलों के बाद इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू को खाड़ी क्षेत्र में अमरीकी सेना की नई गतिविधियों के बारे में जानकारी दी है। इस्राएल के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने कल रात फोन पर बातचीत की और अमरीका और इस्राएल के बीच विभिन्न क्षेत्रों में तालमेल बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।
इस बीच, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कल दावा किया कि उसने उत्तरी जॉर्डन में अमरीका के अल-अज़राक सैन्य हवाई अड्डे पर दस बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। उसने कहा कि यह हमला तेहरान पर हाल ही में हुए अमरीकी हमले के जवाब में किया गया था। उसने चेतावनी दी कि अमरीका की ओर से किसी भी सैन्य कार्रवाई किए जाने पर जवाब में क्षेत्र में अमरीकी ठिकानों पर और हमले किए जाएंगे।