अगस्त 28, 2026 8:25 पूर्वाह्न

printer

श्रीलंका के नौसेना कमांडर वाइस एडमिरल डेमियन फर्नांडो भारत के आधिकारिक दौरे पर, द्विपक्षीय नौसैनिक संबंधों को मिलेगा बढ़ावा

श्रीलंका के नौसेना कमांडर वाइस एडमिरल डेमियन फर्नांडो भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि बुधवार से शुरू दौरे का उद्देश्य द्विपक्षीय समुद्री सहयोग को और मजबूत करने के साथ भारत और श्रीलंका के बीच नौसेना संबंधों को बढ़ाना है।

वाइस एडमिरल फर्नांडो को नई दिल्ली के साउथ ब्लॉक में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर कल पुष्पांजलि अर्पित की और शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन के साथ संयुक्त अभियानों, क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण और समुद्री सुरक्षा सहित द्विपक्षीय समुद्री सहयोग को बढ़ावा देने के उपायों पर चर्चा की।

उन्होंने वायु सेना के उप प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित से भी कल मुलाकात की थी। इस दौरान परिचालन सहयोग को मजबूत करने और आपसी तालमेल को बढ़ाने की साझा प्रतिबद्धता को दोहराया गया।

वाइस एडमिरल फर्नांडो वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों से मुलाकात करेंगे तथा सहयोग और समन्वय के आयामों के लिए भारतीय रक्षा उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ भी बातचीत करेंगे। वह कोच्चि भी जाएंगे और भारतीय नौसेना के प्रशिक्षण संस्थानों तथा दक्षिणी नौसेना कमान के मुख्यालय का दौरा करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच प्रशिक्षण संबंधों और व्यावसायिक आदान-प्रदान को बढ़ाना है।