केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज से पूर्वोत्तर के दो दिन के दौरे पर रहेंगे। वे गुवाहाटी में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें असम और आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ से हुई फसल, गांवों और बुनियादी ढांचे की क्षति तथा राहत कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
कल श्री चौहान अरुणाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई और जमीनी सर्वेक्षण करेंगे। वे प्रभावित किसानों और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर राहत कार्यों का जायजा लेंगे।
श्री चौहान, राज्य सरकार के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर फसल नुकसान, किसानों को मुआवजा, फसल बीमा और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों तथा अन्य बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण पर भी चर्चा करेंगे।