रूस पर रात भर हुए यूक्रेन के ड्रोन हमलों में आठ लोगों की मृत्यु हो गई और 60 लोग घायल हुए हैं। रूस के अधिकारियों ने आज बताया कि रूस के प्रमुख ऑनलाइन रिटेलर के दो विशाल गोदामों पर रात में यूक्रेन ने ड्रोन हमले किए। एक गोदाम रूस के ताम्बोव ओब्लास्ट क्षेत्र के कोटोव्स्क शहर में और दूसरा मॉस्को के निकट इलेक्ट्रोस्टल शहर में है। ताम्बोव के गवर्नर येवगेनी पेरविशोव ने कहा कि कोटोव्स्क में रात्रि पाली में काम करने वाले सात श्रमिकों की मृत्यु हो गई और 25 घायल हुए। वहीं, मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर एंड्रे वोरोब्योव ने कहा कि इलेक्ट्रोस्टल शहर में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और 36 लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोद्योमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इन हमलों में ड्रोन उत्पादन और नौवहन उपकरण के लिए स्वीकृत घटकों की आपूर्ति के लिए प्रयोग में आने वाली दो महत्वपूर्ण लॉजिस्टिकल सुविधाओं को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि एक तेल प्रतिष्ठान पर भी हमला किया गया। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी हवाई रक्षा प्रणाली ने रात में 19 क्षेत्रों में यूक्रेन के 379 ड्रोन को हवा में नष्ट कर दिया।
News On AIR | जुलाई 18, 2026 5:47 अपराह्न
यूक्रेन के ड्रोन हमलों में रूस में आठ लोगों की मौत, 60 घायल