अगस्त 19, 2026 2:35 अपराह्न

printer

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने नीट यूजी परीक्षा पेपर लीक के बाद, परीक्षा सुधार पर राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों को लागू करने के लिए सरकार से जवाब मांगा

सर्वोच्च न्यायालय ने भविष्य में प्रश्नपत्र लीक जैसे मामले रोकने के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी – एनटीए को संस्थागत रूप देने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिसमें सुरक्षित बुनियादी ढांचा, समर्पित परीक्षा केंद्र, साइबर सुरक्षा प्रणाली, संस्थागत विशेषज्ञता और परीक्षा संबंधी कार्यों के लिए एक स्थायी तंत्र शामिल हो।

नीट-यूजी 2026 पेपर लीक से संबंधित याचिकाओं की सुनवाई करते हुए, न्यायालय ने शिक्षा मंत्रालय के केंद्रीय सचिव को राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों को नंदन नीलेकानी समिति द्वारा संशोधित रूप में लागू करने के लिए उठाए जा रहे कदमों का विवरण देते हुए एक हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया।

न्यायालय ने कहा कि उसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश में एक मजबूत परीक्षा संस्थान हो जो विशेषज्ञता को बनाए रखने और तकनीकी परिवर्तनों के अनुकूल होने में सक्षम हो।

न्यायालय ने विशेष रूप से प्रश्नपत्रों को सील करने के लिए एक स्थायी समिति, वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति और संस्थागत विशेषज्ञता के निर्माण से संबंधित सिफारिशों के कार्यान्वयन पर विस्तृत जानकारी मांगी।

केंद्र और एनटीए की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल ने प्रश्नपत्रों की तैयारी, छपाई, परिवहन और वितरण के लिए वर्तमान में लागू सुरक्षा उपायों के बारे में बताया।

सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि अंतिम प्रश्न पत्र की पहचान तब तक अज्ञात रहती है जब तक उसे सीलबंद बक्सों में चिन्हित प्रिंटिंग प्रेसों में नहीं भेजा जाता, जिनकी सीसीटीवी और सीआईएसएफ से निगरानी की जाती है।

नीट-यूजी 2024 प्रश्न पत्र लीक विवाद के बाद पूर्व आईएसआरओ अध्यक्ष डॉ. के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता में के. राधाकृष्णन समिति का गठन किया गया था।

इस समिति ने अक्टूबर 2024 में शिक्षा मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसमें राष्ट्रीय शिक्षा प्राधिकरण (एनटीए) में सुधार और सार्वजनिक परीक्षाओं की सुरक्षा और निष्पक्षता को मजबूत करने के लिए 101 सिफारिशें की गईं।