रूस ने कल रात यूक्रेन पर 100 से अधिक ड्रोन और दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। यूक्रेन की वायु सेना ने इसकी पुष्टि की है। रूस ने विदेशी नागरिकों से यूक्रेन की राजधानी कीव को जल्द से जल्द छोड़ने का आग्रह किया है। रूस ने कहा कि वह कीव पर सुनियोजित हमले की तैयारी कर रहा है।
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से फोन पर बात कर कीव से अमरीका के राजनयिक कर्मचारियों को निकालने का अनुरोध किया। श्री रुबियो ने भारत यात्रा के दौरान चिंता व्यक्त की थी कि यूक्रेन में युद्ध और बढ़ सकता है।
हालांकि यूरोपीय संघ, फ्रांस और पोलैंड के प्रतिनिधिमंडलों ने सार्वजनिक रूप से स्पष्ट किया है कि वे अपना राजनयिक कामकाज जारी रखेंगे और कीव नहीं छोड़ेंगे। वहीं, ट्रंप प्रशासन ने रूस के फरवरी 2022 के आक्रमण के बाद शुरू हुई लड़ाई को रोकने के लिए एक साल से अधिक समय तक प्रयास किए हैं, लेकिन उनके प्रयासों से कोई सफलता नहीं मिली है।