राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत न्यूयॉर्क में शनिवार को आयोजित होने वाले हिंदू समुदाय सम्मेलन में शामिल होने के लिए अमरीका पहुंच गए हैं। इस सम्मेलन का उद्देश्य एकता, नागरिक जिम्मेदारी और वैश्विक सद्भाव को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में लोगों से मतभेदों से ऊपर उठने, मानवता को जोड़ने वाले संबंधों को पहचानने और आपसी सम्मान, सद्भाव तथा एकता को अपनाने का आह्वान किया जाएगा। इसमें विभिन्न धर्मों से जुड़े वक्ता भी शामिल होंगे और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। सम्मेलन का प्रमुख आधार भारतीय दर्शन ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ होगा, जिसका अर्थ है ‘संपूर्ण विश्व एक परिवार है।’
कार्यक्रम का संचालन ‘अमरीकन हिंदूज फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग फोरम’ द्वारा किया जा रहा है। इसमें अमरीका के सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, सामाजिक और सामुदायिक संगठन शामिल हैं।