रसायन और उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सरकार, रसायन और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र को प्राथमिकता दे रही है। नई दिल्ली में आज एडवांटेज भारत – एक उभरता वैश्विक रसायन केंद्र विषय पर आधारित इंडिया केम के 14वें संस्करण में सुश्री पटेल ने वैश्विक व्यापार और आपूर्ति श्रृंखलाओं में आ रही रुकावटों के बीच पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में देश की आत्मनिर्भरता का उल्लेख किया।
उन्होंने रसायन और पेट्रोकेमिकल उद्योग के विस्तार के लिए नवाचार और निवेश अनुकूल वातावरण बनाने का आह्वान किया। सुश्री पटेल ने मंत्रालय की विभिन्न पहलों, राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन, सेमीकंडक्टर मिशन टू प्वाइंट ओ और राष्ट्रीय विनिर्माण मिशन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत, वर्ष 2040 तक एक ट्रिलियन डॉलर के रसायन उद्योग का स्थान हासिल कर लेगा।
इंडिया केम कार्यक्रम, 22 से 24 सितम्बर तक मुंबई में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य पेट्रोकेमिकल उद्योग के विभिन्न हितधारकों को इस क्षेत्र से जु़ड़े सहयोग के लिए मंच उपलब्ध कराना है।