परमाणु ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि सरकार ने परमाणु ऊर्जा मिशन के तहत 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा क्षमता हासिल करने के लिए एक रोडमैप तैयार किया है। आज राज्यसभा में लिखित उत्तर में डॉ. सिंह ने कहा कि रोडमैप के अनुसार मौजूदा 8 दशमलव 78 गीगावाट की परमाणु ऊर्जा क्षमता को विभिन्न चरणों में चल रही परियोजनाओं के पूरा होने पर, 2031-32 तक लगभग 22 गीगावाट तक पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि 2032 के बाद न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, स्वदेशी प्रेशराइज्ड हेवी वाटर रिएक्टर और लाइट वाटर रिएक्टरों को मिलाकर 2047 तक 32 गीगावाट की अतिरिक्त परमाणु ऊर्जा क्षमता स्थापित करेगी। इससे कुल क्षमता लगभग 54 गीगावाट हो जाएगी। डॉ. सिंह ने कहा कि शेष 46 गीगावाट क्षमता अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों, राज्य सरकारों, निजी क्षेत्र और विभिन्न व्यावसायिक मॉडलों में संयुक्त उद्यमों द्वारा स्थापित की जाएगी, जिसमें विभिन्न प्रौद्योगिकियों के रिएक्टर शामिल होंगे।
News On AIR | जुलाई 23, 2026 6:47 अपराह्न | Dr. Jitendra Singh
परमाणु ऊर्जा मिशन के तहत 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा क्षमता हासिल करने के लिए रोडमैप तैयार: परमाणु ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह